महेंद्र होंगे अयोध्या के नए मंडलायुक्त, मनोज 30 तक बने रहेंगे
उत्तर प्रदेश शासन ने अयोध्या के नए मंडलायुक्त के नाम पर मुहर लगा दी है। अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के सचिव एमपी अग्रवाल अयोध्या के नए मंडलायुक्त होंगे। हालांकि सरकार ने मौजूदा आयुक्त मनोज मिश्र को रिटायरमेंट की तिथि 30 नवंबर तक पद पर बनाए रखने का फैसला किया है।
शासन के एक अधिकारी ने बताया कि मनोज मिश्र पिछले दो वर्ष से अधिक समय से अयोध्या के आयुक्त की जिम्मेदारी अच्छी तरह से निभा रहे हैं। उन्हें वहां के हालात व परिस्थिति की अच्छी तरह से जानकारी है। साथ ही उनका कार्यकाल भी महीने के अंत तक है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के चंद दिन पहले अयोध्या की संवेदनशील स्थिति के बीच अचानक किसी नए अफसर की तैनाती की जगह दूसरा उपयुक्त निर्णय लिया गया।
तय हुआ कि मनोज को उनके कार्यकाल 30 नवंबर तक आयुक्त के पद पर बनाए रखा जाए और अयोध्या की विशेष परिस्थिति के मद्देनजर तत्काल प्रभाव से नए मंडलायुक्त की तैनाती भी कर दी जाए। ऐसे में शासन ने सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को फैजाबाद का नया मंडलायुक्त बनाने का फैसला किया। लेकिन, 30 नवंबर तक वह विशेष कार्याधिकारी अयोध्या मंडल के रूप में तैनात रहेंगे। 30 को मनोज के रिटायर होने के बाद वह मंडलायुक्त की जिम्मेदारी संभालेंगे।